आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर इन दिनों तुफानी कमाई कर रही है।
रिलीज़ को दो हफ्ते से ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है। 16 दिनों में ही इस फिल्म ने करीब 800 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस वक्त हर तरफ इसी फिल्म की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी यह फिल्म जबरदस्त तरीके से ट्रेंड कर रही है। वहीं फिल्म का आइटम सॉन्ग ‘शरारत’ भी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस गाने पर लगातार रील्स बनाई जा रही हैं।
‘शरारत’ गाने में आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा बोल्ड अवतार में नजर आ रही हैं। दोनों ने अपने ग्लैमरस अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस आइटम सॉन्ग के लिए आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा कोरियोग्राफर की पहली पसंद नहीं थीं? दरअसल, दोनों को गाने में कास्ट करने का फैसला डायरेक्टर आदित्य धर की वजह से लिया गया था।
इस गाने के लिए कोरियोग्राफर पहले तमन्ना भाटिया को कास्ट करना चाहते थे, क्योंकि आजकल ज्यादातर फिल्ममेकर्स आइटम सॉन्ग के लिए तमन्ना को ही पहली पसंद मानते हैं। हालांकि आदित्य धर ने इस प्रस्ताव को रिजेक्ट कर दिया। हाल ही में कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने फिल्मीज्ञान से बातचीत में इस बात का खुलासा किया।
विजय गांगुली ने बताया कि उनके दिमाग में सबसे पहला नाम तमन्ना भाटिया का ही आया था और उन्होंने यह नाम डायरेक्टर आदित्य धर के सामने रखा था। लेकिन आदित्य धर गाने में किसी एक बड़े स्टार को नहीं चाहते थे। उनका मानना था कि अगर गाने में तमन्ना होतीं, तो दर्शकों का ध्यान कहानी की बजाय सिर्फ उन्हीं पर टिक जाता।
आदित्य धर चाहते थे कि ‘शरारत’ सिर्फ एक आइटम सॉन्ग न होकर फिल्म की कहानी का हिस्सा बने। इसी वजह से उन्होंने इस गाने में एक नहीं, बल्कि दो कलाकारों को कास्ट करने का फैसला लिया।
#krystaldsouza #TamannaahBhatia #AyeshaKhan #shararat #ShararaTrend